विक्रांत का शानदार प्रदर्शन जारी, दूसरे पायदान पर पहुंचे
नोएडा। खेलरत्न, सं, Time, 7:50, PM.
पीजीटीआई प्लेयर्स चैंपियनशिप गोल्फ टूर्नामेंट में नोएडा के विक्रांत चोपड़ा का बेहतर प्रदर्शन जारी है। पहले दिन आठवें स्थान पर रहने वाला यह गोल्फर छह पायदान की छलांग लगा दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। हालांकि नोएडा गोल्फ कोर्स के एक और खिलाड़ी अमरदीप सिंह संतोषजनक प्रदर्शन नहीं कर सके। पहले स्थान पर दिल्ली के हनी बैसोया बने हुए है। मेजबान गोल्फ कोर्स के राजू सिंह सभी को चौकाते हुए 25वें स्थान पर काबिज हो गए थे। पहले दिन वह टॉप् 80 खिलाड़ियों में भी नहीं थे।
विक्रांत चोपड़ा अंडर 8 स्केार के साथ सी मुनियप्पा के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर काबिज हैं। उन्होंने तीसरे दिन 69 स्ट्रोक में 18 होल पूरे किए। पहले स्थान पर अंडर-15 स्कोर के बड़े अंतर के साथ हनी बैसोया हैं। ऐसे में पहले स्थान पर काबिज होने के लिए विक्रांत चोपड़ा और मुनियप्पा को एड़ी चोटी एक करनी होगी। विक्रांत ने पहले, आठवें, दसवें, तेरहवें, चौदहवें, स्थान पर बर्डी खेली। जबकि छठे, नौवें और ग्यारहवें होल पर बोगी खेल गए। इससे उनका स्कोर प्रभावित हुआ। नोएडा गोल्फ कोर्स के गौरव प्रताप सिंह ने भी अच्छे खेल का प्रदर्शन किया। वह 6 अंडर खेलकर संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं। अमरदीप सिंह मलिक 11वें स्थान पर हैं। राहुल बजाज एक अंडर के साथ 22वें स्थान पर हैं। दीपांकर कौशल 54वें स्थान पर हैं।