‘खेलो इंडिया’ में खेलेंगे शहर के पांच खिलाड़ी
नोएडा। खेलरत्न, सं, Time, 11:50, PM.
दिल्ली में होने वाली खेलो इंडिया के विभिन्न प्रतियोगिताओं में शहर के पांच खिलाड़ी दमखम दिखाएंगे। तैराकी में सबसे अधिक चार महिला तैराक भाग लेंगी। वहीं बॉस्केटबॉल में भी शहर का एक खिलाड़ी प्रतिभाग करेगा। खेल मंत्रालय द्वारा संचालित होने वाला खेलो इंडिया की प्रतियोगिताएं 31 जनवरी से दिल्ली में शुरू होंगी।
तैराकी में आलिया सिंह, नव्या सिंघल, तेजल वर्मा, और आर्या सिंह प्रतियोगिता में भाग लेंगी। शहर की इन जलपरियों ने राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया था। इसी आधार पर इस प्रतियोगिता के लिए इनका चयन किया गया है। वहीं बास्केटबॉल में एमिटी स्कूल के श्रेष्ठ नागर का चयन किया गया है। जो खेलो इंडिया का हिस्सा होंगे। उन्होंने राष्ट्रीय स्कूल खेल में सीबीएसई की टीम से खेलते हुए रजत पदक झटका था।
बास्केटबाूल 5 फरवरी और तैराकी प्रतियोगिता पहली फरवरी से दिल्ली में खेली जाएगी। जिला तैराकी संघ के सचिव सुरेश देशवाल ने बताया कि खेलो इंडिया प्रतियोगिता में भी शहर की लड़कियां शानदार प्रदर्शन करेंगी। एमिटी स्कूल के बास्केटबॉल प्रशिक्षक राजकुमार ने बताया कि श्रेष्ठ एक बेहतर खिलाड़ी हैं। वह इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर आगे बढेंगे।
खेलो इंडिया का पहला वर्ष है
खेलो इंडिया प्रतियोगिता का यह पहला वर्ष है। इस प्रतियोगिता में 16 खेलों का आयोजन होगा। इसे ओलंपिक खेलों में बेहतर प्रदर्शन की तैयारी के रूप में भी देखा जा रहा है। प्रतियोगिता में पहले क्षेत्रीय स्तर पर खिलाड़ियों का ट्रायल किया गया। इसके बाद राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में उन्हें खेलने का मौका मिलेगा। वहीं स्कूल खेल, सीबीएसई आदि प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को रैंकिंग के आधार पर जगह दी गई है। मेजबान, खेल संघ और वाइल्ड कार्ड से भी खिलाड़ियों को प्रवेश मिला है।