एकता और अंजलि का मंडल फुटबॉल टीम में चयन
नोएडा। खेलरत्न, सं :
ग्रेटर नोएडा की एकता और अंजलि भाटी का चयन अंडर-17 मंडल फुटबॉल टीम के लिए किया गया है। दोनों फुटबॉलर प्रदेश फुटबॉल चैंपियनशिप में मेरठ मंडल का प्रतिनिधित्व करेंगी। ये खिलाड़ी एस्टर स्कूल की छात्रा हैं। मंडल टीम की घोषणा सोमवार को की गई।
प्रदेश अंडर-17 गर्ल्स फुटबॉल चैंपियनशिप 2 अगस्त से इलाहाबाद में शुरू होगी। इसमें प्रदेश के 18 मंडलों की टीम भाग लेंगी। मेरठ टीम से भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। इसी टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन करनेवाली खिलाड़ियों को प्रदेश अंडर-17 टीम में जगह दी जाएगी। ऐसे में यह टूर्नामेंट जिले की एकता और अंजलि के लिए भी काफी अहम है।
दोनो बेहतर प्रदर्शन कर मंडल की जीत के साथ प्रदेश टीम में भी जगह बनाना चाहेंगीं। प्रदेश की टीम 20 अगस्त से गोवा में होनेवाली राष्ट्रीय अंडर 17 चैंपियनशिप में भाग लेगी। जिला फुटबॉल संघ के महासचिव वाजिद अली ने बताया कि दोनों लड़कियों में काफी क्षमता है। इनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। जनपद से लगातार खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। भविष्य में भी इसी तरह यहां से खिलाड़ी निकलते रहेंगे और नाम रोशन करेंगे।