राष्ट्रीय बैडमिंटन के दूसरे राउंड में पहुंचे अनुषा, विकास और राशि
अनुषा गोयल ने अंडर-17 में दिल्ली की सौम्या राघवन को सीधे सेटों में 22-20, 21-5 से हराकर दूसरे राउंड में प्रवेश किया। विकास यादव ने अंडर-19 में मनन जैन को सीधे सेटों में 21-14, 21-11 से हराकर अगले राउंड में प्रवेश किया। विकास यादव के लिए यह जीत इसलिए मायने रखता है कि, वह अंडर-15 के खिलाड़ी हैं। साथ ही अंडर-19 के मुख्य ड्रॉ में प्रवेश करने के लिए उन्होंने 5 क्वालीफाइंग राउंड के मैच में जीते। वह अंडर-17 के एकल वर्ग में भी प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इस वर्ग में उन्हें मुख्य ड्रॉ में प्रवेश दिया गया है। अंडर-17 के पहले मैच में उनका मुकाबला सचिन जोशी से होगा। राशि त्यागी ने भी अंडर-19 के पहले राउंड के मुकाबले में जीत दर्ज की। उन्होंने त्रिपुरा की आत्मजैता को सीधे सेटों में 22-20, 21-10 से हराकर दूसरे राउंड में प्रवेश किया। राशि युगल वर्ग में भी दमखम दिखाएंगी। अनुषा युगल वर्ग में वह शहजार चौधरी के साथ भाग लेंगी। वहीं सोनाली-निमिषा की जोड़ी भी अंडर-17 के मुख्य ड्रॉ में खेलेगी। युगल वर्ग के मैच गुरुवार से होंगे।
एकल वर्ग में विकास, अनुषा और राशि त्यागी की जीत के बाद शहजार चौधरी, निमिषा और सोनाली से उम्मीदें बढ़ गई हैं। अनुषा गोयल एकल और युगल वर्ग के अंडर-17, विकास यादव एकल वर्ग के अंडर-17 और 19, राशि त्यागी एकल और युगल वर्ग के अंडर-19 और शहजार युगल वर्ग के अंडर-17, सोनाली और निमिषा अंडर-17 युगल वर्ग में दमखम दिखाएंगे।