12 अंडर खेल दूसरे दिन पहले पायदान पर अमरदीप
नोएडा। खेलरत्न, सं : Time, 10:30, PM.
ओएनजीसी मास्टर्स गोल्फ चैंपियनशिप के दूसरे दिन शुक्रवार को नोएडा के अमरदीप सिंह मलिक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान कब्जाया। उनके साथ एम धर्मा भी संयुक्त रूप से पहले पायदान पर हैं। पहले दिन अमरदीप चौथे स्थान पर थे। वहीं नोएडा गोल्फ कोर्स के अन्य गोल्फरों का भी संतोषजनक प्रदर्शन रहा। मेजबान शहर के छह गोल्फरों ने कट प्राप्त किया।
अमरदीप सिंह मलिक ने पहले दिन 66 स्ट्रोक खेलकर 18 होल पूरे किए थे। वहीं दूसरे दिन भी उन्होंने इतने स्ट्रोक में ही दिन का खेल समाप्त किया। दो दिनों के बाद उनका स्कोर 12 अंडर है। वहीं एम धर्मा ने पहले दिन 63 और दूसरे दिन 69 स्ट्रोक खेलते हुए 18-18 होल पूरे किए। इससे स्पष्ट है कि धर्मा पहले दिन के खेल को दोहराने में नाकामयाब रहे। शहर के विक्रांत चोपड़ा और दीपांकर कौशल संयुक्त रूप से नौवें स्थान पर हैं। राहुल बजाज 18वें और गौरव प्रताप सिंह 30वें स्थान पर हैं। राजू सिंह और प्रदीप कुमार प्रतियोगिता से बाहर हो गए हैं। दूसरे दिन के खेल के बाद तीसरे स्थान पर कपिल कुमार और आर मूर्ति हैं। 5वें स्थान पर बांग्लादेश के मोहम्मद जमाल होसैन मोल्लाह पहुंच गए हैं। अमरदीप सिंह ने 7 होल पर बर्डी खेली।